By Mustaffa
ओरमांझी (रांची): हुंडरू फॉल घूमने जा रहे तीन युवक सड़क हादसे का शिकार हो गए। हुंडरू फॉलमार्ग पर एक पुलिया की रेलिंग से बाइक की सीधी टक्कर में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान तिबो कुमार (21 वर्ष),आर्यन मिंज (18 वर्ष) और अनुराग मुंडा (16 वर्ष) के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार,तीनों युवक बरियातू रिम्स के समीप स्थित एक गांव के रहने वाले हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार,तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर हुंडरू फॉल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उक्त सड़क पर बनी एक पुलिया के पास बाइक असंतुलित हो गई और तेज रफ्तार में सीधे रेलिंग से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और तीनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद मौके पर जुटे स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए इंसानियत की मिसाल पेश की। उन्होंने बिना समय गंवाए एक टेंपो की व्यवस्था की और तीनों घायलों को लादकर तुरंत ओरमांझी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुँचाया। वहीं,ओरमांझी सीएचसी में डॉक्टरों द्वारा घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया। हालांकि,तीनों की गंभीर स्थिति और अंदरूनी चोटों को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए बरियातू स्थित रिम्स रेफर कर दिया। घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दे दी गई है,और पुलिस परिजनों से संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
