BY Sunil
रांची : राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) में आज स्वास्थ्य विभाग के अपर सचिव ने निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक तथा संस्थान के विभिन्न प्रशासनिक एवं वित्तीय अधिकारीयों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। बैठक में संस्थान के प्रशासनिक, वित्तीय एवं शैक्षणिक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। योजना एवं गैर-योजना मद के अंतर्गत उपलब्ध व्यय की गई राशि की अद्यतन स्थिति पर विचार-विमर्श किया गया।
संस्थान में मशीनों एवं चिकित्सा उपकरणों की खरीद की अद्यतन स्थिति की समीक्षा करते हुए आवश्यक उपकरणों की खरीद प्रक्रिया में तेजी लाने तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर इसे पूर्ण करने पर बल दिया गया, ताकि मरीजों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें। बैठक में एमबीबीएस, एमडी/एमएस तथा एमडीएस पाठ्यक्रमों में सीट वृद्धि के लिए आवश्यक आधारभूत संरचना, मानव संसाधन एवं अन्य अनिवार्य मानकों की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। इस संबंध में सभी आवश्यक संसाधनों को प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए, जिससे नियामक संस्थाओं के मानकों के अनुरूप सीट वृद्धि की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा सके।विभिन्न संवर्गों के कर्मियों की नियुक्ति, प्रोन्नति तथा सेवाशर्त नियमावली से संबंधित मामलों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। रिक्त पदों के विरुद्ध शीघ्र विज्ञापन प्रकाशित करने, रोस्टर अनुमोदन की प्रक्रिया में तेजी लाने तथा नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में कर्मचारियों से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण विषयों, जिनमें पुरानी पेंशन योजना से जुड़े प्रकरण तथा चिकित्सकों को नियमानुसार एलआरए , एनपी व अकादमिक भत्ता प्रदान किए जाने संबंधी मामलों की भी समीक्षा की गई।
