सड़क निर्माण दोबारा बंद होने से ग्रामीणों में नाराजगी

360° Ek Sandesh Live

डीसी के संज्ञान के बाद दो-तीन दिन चला काम, फिर लगा ब्रेक

AMIT RANJAN

जलडेगा: ओड़गा बाजार के बिरसा मुंडा चौक से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क के पीसीसी निर्माण कार्य के दोबारा बंद हो जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए शिलान्यास होने के बावजूद काम समय पर पूरा नहीं हो रहा है। कुछ दिनों तक काम शुरू होने के बाद फिर से निर्माण कार्य बंद कर दिया गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं होने की जानकारी पंसस दीपक कुमार महतो ने उपायुक्त को दी थी। उपायुक्त के संज्ञान में मामला आने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू हुआ। लेकिन दो-तीन दिन काम चलने के बाद फिर से निर्माण कार्य बंद हो गया। इससे ग्रामीणों में काफी रोष है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार निर्माण कार्य बंद होने से सड़क के जल्द पूरा होने की उम्मीद भी धूमिल हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की स्थिति काफी जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी हो रही है। बारिश के दिनों में समस्या और बढ़ जाती है। कीचड़ व पानी जमा होने से आवागमन मुश्किल हो जाता है और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

इस संबंध में ग्रामीणों ने विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी को आवेदन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य जल्द शुरू कराकर पूरा कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गुणवत्तापूर्ण सामग्री का उपयोग सुनिश्चित करने की भी मांग की है, ताकि सड़क का लाभ लोगों को लंबे समय तक मिल सके। आवेदन सौंपने वालों में मुखिया मुकुट समद, पंसस दीपक कुमार महतो, नेल्सन जोजो, राम कृष्णा साहू, रहीम खान, लाजरूस समद, लिलीग्रेस जोजो, दयामनी जोजो, जिलानी जोजो समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे।

Spread the love