Eksandeshlive Sport Desk
रांची: विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (SAI), खेलो इंडिया एवं फिट इंडिया अभियान के तत्वावधान में “फिट इंडिया संडे ऑन साइकिल” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में लगभग 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फिटनेस एवं स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया।
इस अवसर पर संजय सेठ, रक्षा राज्य मंत्री, भारत सरकार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सी. पी. सिंह, विधायक, रांची एवं रोशनी खलखो, महापौर, रांची नगर निगम विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। सभी अतिथियों ने साइकिलिंग एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों को स्वस्थ एवं सशक्त भारत के निर्माण हेतु अत्यंत आवश्यक बताया तथा युवाओं को फिट इंडिया आंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान रक्षा राज्य मंत्री द्वारा आईआईएम रांची की प्रोफेसर डॉ. तनुश्री दत्ता को फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत सम्मानित किया गया। यह सम्मान आईआईएम रांची परिसर को फिट इंडिया गतिविधियों एवं साइकिलिंग कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराने तथा फिटनेस संस्कृति को बढ़ावा देने में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न खेलों के खिलाड़ी, प्रशिक्षक, खेल प्रेमी, स्थानीय नागरिक, विद्यार्थी एवं फिटनेस उत्साही बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रतिभागियों ने साइकिल रैली के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित व्यायाम के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संदेश दिया।
इस कार्यक्रम को सफल बनाने में स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, रांची के प्रभारी जगन टोपनो के नेतृत्व में सभी प्रशिक्षकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा। उनके समन्वित प्रयासों एवं सहयोग से कार्यक्रम का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन संभव हो सका। स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया, रांची भविष्य में भी फिट इंडिया अभियान के अंतर्गत ऐसे जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करती रहेगी, जिससे समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा मिल सके।
