प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के आवास पर जुटे दिग्गज
मेसरा (रांची): अपने दो दिवसीय झारखंड दौरे पर आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को ओरमांझी पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निवास स्थान पर आगमन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और गगनभेदी नारों के साथ उनका भव्य व ऐतिहासिक स्वागत किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार,राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह करीब 6:30 बजे सिद्धपीठ रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए रवाना हुए थे। वहां से लौटने के क्रम में वे सीधे प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के ओरमांझी स्थित आवास पहुंचे। उनके आगमन को लेकर सुबह से ही कार्यकर्ताओं का हुजूम जुटा हुआ था।
प्रदेश अध्यक्ष के आवास पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने राज्य के सांगठनिक ढांचे को धार देने के लिए एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मुख्य रूप से राज्य के लगभग सभी पूर्व मुख्यमंत्री,सांसद,विधायक और प्रदेश स्तर के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीतियों और सांगठनिक कार्यों की समीक्षा की गई। शीर्ष नेताओं के साथ बैठक संपन्न होने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पूरे जिले से आए पार्टी के स्थानीय नेताओं और जमीनी कार्यकर्ताओं से वन-टू-वन मुलाकात की। उन्होंने एक-एक करके सभी से परिचय प्राप्त किया और उनके सुझाव सुने। नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि जमीनी कार्यकर्ता ही पार्टी की असली रीढ़ हैं और सामूहिक प्रयास से ही संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है। इस अवसर पर जिला और मंडल स्तर के सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ-साथ कई वरिष्ठ भाजपा नेता मुख्य रूप से उपस्थित थे।
