Eksandeshlive Desk
पश्चिमी सिंहभूम : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र के रायकेरा गांव में राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य के दौरान खोदे गए गड्ढे में गिरने से लगभग 70 वर्षीय एक अज्ञात वृद्ध की मौत हो गई। घटना रविवार रात की बताई जा रही है। सोमवार को सूचना मिलते ही मनोहरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्य से जुड़े ठेकेदार विजय कुमार साहू और उसके प्रतिनिधियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि करीब डेढ़ माह पहले सड़क पर डायवर्सन बनाने के नाम पर गड्ढे खोदे गए थे, लेकिन अब तक वहां सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए और न ही निर्माण कार्य को गति दी गई। इस मामले में ठेकेदार के प्रतिनिधि जितेंद्र कुमार शर्मा ने स्वीकार किया कि सड़क पर पांच स्थानों पर डायवर्सन के लिए गड्ढे खोदे गए हैं। उन्होंने बताया कि अब तक राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग से आवश्यक अनुमति नहीं मिलने के कारण आगे का काम लंबित है।
