कांग्रेस ने बोडोलैंड के साथ विश्वासघात किया, भाजपा ने दिलाई स्थायी शांति: प्रधानमंत्री

NATIONAL

Eksandeshlive Desk

गुवाहाटी : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के कोकराझार में आयोजित रैली को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए कांग्रेस पर बोडोलैंड के साथ वर्षों तक विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दशकों तक बोडोलैंड क्षेत्र कांग्रेस के झूठे वादों और कागजी समझौतों का साक्षी रहा, जबकि भाजपा-राजग सरकार ने क्षेत्र में स्थायी शांति और विकास के लिए ईमानदार प्रयास किए हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि खराब मौसम के कारण वे कोकराझार नहीं पहुंच सके और गुवाहाटी से ही लोगों को संबोधित कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से क्षमा मांगते हुए कहा कि वे दिल्ली से कोकराझार आने के लिए निकले थे, लेकिन मौसम की वजह से गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा। मोदी ने कहा कि जब जनता ने केंद्र और असम दोनों जगहों से कांग्रेस को हटाकर भाजपा-राजग को मौका दिया, तब सरकार ने बोडोलैंड में स्थायी शांति के लिए ठोस प्रयास शुरू किए। इसी सोच के साथ वर्ष 2020 में बोडो शांति समझौता पर हस्ताक्षर किए गए, जिसमें पहली बार सभी प्रमुख संगठनों और समूहों को एक मंच पर लाया गया।

4,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण : प्रधानमंत्री ने कहा कि कोकराझार और आसपास के क्षेत्रों ने बीते दशकों में हिंसा और अशांति का कठिन दौर देखा है, जब यहां की पहाड़ियों में बम और गोलियों की आवाज गूंजती थी लेकिन आज स्थिति बदल रही है और क्षेत्र में शांति तथा विकास का नया दौर शुरू हो चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा-राजग की “डबल इंजन” सरकार असम की विरासत के संरक्षण और तेज विकास के लिए निरंतर काम कर रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को कोकराझार में 4,500 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया गया। इनमें से 1,100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बोडोलैंड क्षेत्र की सड़कों के विकास पर खर्च की जाएगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि वर्ष 2020 के समझौते के तहत किए गए वादों को लगातार पूरा किया जा रहा है। बोडो भाषा को सहायक राजभाषा का दर्जा दिया गया है और बोडोलैंड क्षेत्र के लिए 1,500 करोड़ रुपये का विशेष विकास पैकेज भी प्रदान किया गया है। कोकराझार में मेडिकल कॉलेज भी शुरू हो चुका है। उन्होंने बोडो समाज के महान व्यक्तित्वों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उन्हें कुछ सप्ताह पहले गुवाहाटी में समृद्ध बोडो संस्कृति को देखने का अवसर मिला था। उन्होंने बोडो समुदाय द्वारा अपनी भाषा और संस्कृति को संरक्षित रखने की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस झूठे वादों की दुकान है और उसके पास वादों को पूरा करने का इरादा नहीं होता, जबकि भाजपा-राजग सरकार ने जो भी कहा है उसे पूरा करने का ईमानदार प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि आज असम शांति और विकास का नया अध्याय लिख रहा है।

Spread the love