Eksandeshlive Desk
पलामू : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर पलामू के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत शनिवार को जिला मुख्यालय से लगभग 80 किलोमीटर दूर हुसैनाबाद प्रखंड के सुदूरवर्ती लोटनिया पंचायत अंतर्गत एकौनी गांव पहुंचे और वहां रहने वाले तीन अनाथ बच्चों से मुलाकात की। दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक व्यक्ति द्वारा जानकारी साझा की गई थी कि एकौनी गांव में तीन छोटे बच्चे अपने माता-पिता को खो चुके हैं और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक्स के माध्यम से ही पलामू उपायुक्त को बच्चों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित करने का निर्देश दिया था।
मुख्यमंत्री के निर्देश के तुरंत बाद उपायुक्त ने मामले को गंभीरता से लिया और स्वयं गांव पहुंचकर बच्चों तथा उनके परिजनों से बातचीत की। इस दौरान उनके साथ हुसैनाबाद के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) गौरांग महतो, प्रखण्ड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) और अंचल अधिकारी (सीओ) भी मौजूद रहे। उपायुक्त ने बच्चों से आत्मीयता के साथ बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं, पारिवारिक स्थिति और भविष्य से जुड़ी जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना से जोड़ने तथा पारिवारिक लाभ योजना का लाभ दिलाने का निर्देश दिया। साथ ही राशन कार्ड में दोनों बच्चों का नाम जोड़ने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में पहल करते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारी को निर्देश दिया कि भविष्य में रजिस्ट्री डीड के माध्यम से बच्चों को उनकी पैतृक संपत्ति में विधिवत हिस्सेदारी सुनिश्चित कराई जाए। मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए उपायुक्त ने बच्चों को अपना मोबाइल नंबर भी दिया और कहा कि जब भी किसी चीज की जरूरत हो या कोई परेशानी आए, वे सीधे उन्हें फोन कर सकते हैं।
