सीएचसी पर लापरवाही का आरोप
Eksandeshlive Desk
कटकमसांडी /हजारीबाग: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सोमवार देर रात हटकोना गांव की दो बच्चियों को जहरीले सांप ने काट लिया, लेकिन परिजनों का आरोप है कि सीएचसी में समय पर इलाज नहीं मिलने से दोनों बच्चियां दर्द से तड़पती रहीं। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार हटकोना गांव निवासी 13 वर्षीय नेहा कुमारी और 16 वर्षीय परी कुमारी को रात करीब 10 बजे जहरीले सांप ने काट लिया। परिजन तत्काल दोनों को इलाज के लिए कटकमसांडी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टर मौजूद नहीं थे और न ही समुचित इलाज की व्यवस्था थी। परिजनों ने आरोप लगाया कि करीब एक घंटे तक बच्चियां दर्द से कराहती रहीं, लेकिन अस्पताल प्रबंधन ने गंभीरता नहीं दिखाई। इस दौरान कुछ कर्मियों द्वारा पुलिस बल के साथ परिजनों और ग्रामीणों को डराने-धमकाने का भी प्रयास किया गया। हालत बिगड़ने पर दोनों बच्चियों को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल, हजारीबाग रेफर किया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि रात के समय कटकमसांडी सीएचसी की स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा जाती है। डॉक्टरों की अनुपस्थिति और कर्मियों की लापरवाही के कारण गंभीर मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषी कर्मियों पर कार्रवाई करने तथा अस्पताल में 24 घंटे आपातकालीन सेवा सुनिश्चित करने की मांग की है। सदर विधानसभा सांसद प्रतिनिधि किशोरी राणा ने घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि कटकमसांडी सीएचसी की लापरवाही बेहद गंभीर और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की अनुपस्थिति और मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से तत्काल जांच कर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने और अस्पताल में बेहतर चिकित्सा सुविधा बहाल करने की मांग की। घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में स्वास्थ्य विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी जा रही है।
