ईरान-अमेरिका को मनाने के प्रयासों में प्रगति के संकेत, डेमोक्रेट ट्रंप की शक्तियों पर अंकुश नहीं लगा पाए

INTERNATIONAL

Eksandeshlive Desk

तेहरान/वाशिंगटन : पश्चिम एशिया और होर्मुज जलडमरूमध्य में व्याप्त तनाव के बीच अमेरिका-ईरान शांति समझौता कराने की कोशिशों के बीच प्रगति के संकेत है। मध्यस्थ देश दोनों को टकराव से पीछे हटने के लिए मना रहे हैं। कोशिश है फिलहाल दोनों स्थायी समझौता कर लें। इस बीच अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सैन्य अभियान संबंधी शक्तियों पर अंकुश लगाने की डेमोक्रेट्स की कोशिश सफल नहीं हो पाई है। विधेयक के लिए हाउस में लाया गया मतदान का प्रस्ताव सिरे नहीं चढ़ सका है। अल जजीरा, सीबीएस न्यूज, ईरान की आईएसएनए न्यूज़ एजेंसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि तेहरान और वाशिंगटन के बीच कई देशों के माध्यम से बातचीत चल रही है। दोनों पक्ष संघर्ष को खत्म करने के लिए एक समझौते का औपचारिक ढांचा तैयार करने की कोशिश में एक-दूसरे को संदेश और मसौदा भेज रहे हैं। एक वरिष्ठ ईरानी अधिकारी ने कहा कि समझौता करीब है, जबकि एक सूत्र ने कहा कि अभी यह कहना जल्दबाजी होगी कि कोई अंतिम समझौता हो पाएगा या नहीं।

अमेरिकी विदेशमंत्री मार्को रूबियो ने गुरुवार को इससे पहले कहा था कि समझौते के “कुछ अच्छे संकेत” मिल रहे हैं। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान अपने यूरेनियम के भंडार को खत्म नहीं करता है, तो उसके खिलाफ “बहुत कड़े” कदम उठाए जाएंगे। इस बीच अमेरिका में हाउस रिपब्लिकन ने ईरान युद्ध विधेयक पर मतदान को रद कर दिया। अगर ऐसा नहीं होता तो ट्रंप की शक्तियां सीमित हो जातीं और उन्हें युद्ध से पीछे हटना पड़ता। मतदान को जून तक के लिए टाल दिया गया है। इस विधेयक को पेश करने वाले डेमोक्रेटिक सांसद ग्रेगरी मीक्स ने कहा, “हमारे पास पर्याप्त संख्या बल था। इसी वजह से वे एक राजनीतिक खेल खेल रहे हैं।” हाउस के डेमोक्रेटिक नेताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा, “रिपब्लिकन के नियंत्रण वाला हाउस लगातार ट्रंप प्रशासन की पूरी तरह से सहायक कंपनी की तरह बर्ताव कर रहा है।” उन्होंने कहा, “रिपब्लिकन ने कायरता दिखाते हुए युद्ध शक्तियों से जुड़े प्रस्ताव पर होने वाला मतदान रद कर दिया। यह एक ऐसा कानून था जो दोनों पार्टियों के समर्थन से पास हो जाता और राष्ट्रपति को मध्य पूर्व में चल रहे संघर्ष को खत्म करने के लिए मजबूर करता।” हाउस रिपब्लिकन नेता स्टीव स्केलाइज़ ने पत्रकारों को बताया कि मतदान इसलिए टाला गया ताकि उन सांसदों को वोट देने का मौका मिल सके जो उस समय उपस्थित नहीं थे। हाउस स्पीकर माइक जॉनसन ने हाउस चैंबर से बाहर निकलते समय पत्रकारों के सवालों के कोई जवाब नहीं दिए।

Spread the love