Reporting By Ashok Anant
चतरा: टंडवा प्रखंड के कबरा पंचायत अंतर्गत वृंदा मोड़ देवी मंडप के समीप GRAL कंपनी द्वारा कथित कोयला ढुलाई सड़क निर्माण के विरोध में ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना मंगलवार से शुरू हो गया। विभिन्न गांवों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों ने कंपनी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और काम रोकने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि कंपनी बिना ग्रामसभा और प्रशासनिक स्वीकृति के, बाउंसरों के दम पर दहशत फैलाकर जबरन निर्माण करा रही है। इससे कृषि भूमि, बड़की नदी के अस्तित्व और स्थानीय पर्यावरण को गंभीर खतरा है। तीखे मोड़ के पास भारी वाहनों के परिचालन से हादसों की भी आशंका है।
इधर, ग्रामीणों की शिकायत पर हुई अंचल कार्यालय की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। राजस्व उपनिरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर अंचल अधिकारी ने पुष्टि की है कि मौजा वृंदा के खाता संख्या-29, प्लॉट संख्या-329 एवं 333 की जमीन ‘गैरमजरूआ खास’ सरकारी भूमि है। कंपनी बिना किसी सक्षम प्राधिकारी की अनुमति के यहां अवैध खुदाई और सड़क निर्माण कर रही थी। धरने को संबोधित करते हुए विनय बिहारी शरण ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन अविलंब काम नहीं रोकता, तो 5 जून से चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। मौके पर जिला परिषद सदस्य देवंती देवी, मुखिया सुबेश राम सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।
