सिलेबस से बाहर प्रश्न पूछे जाने पर जताई आपत्ति
रांची: पंचपरगनिया विषय के अभ्यर्थियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) कार्यालय पहुंचकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया तथा आयोग को ज्ञापन सौंपा।
अभ्यर्थियों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से पंचपरगनिया विषय से संबंधित परीक्षाओं में निर्धारित पाठ्यक्रम (सिलेबस) से बाहर प्रश्न पूछे जा रहे हैं, जिससे हजारों छात्रों का परिणाम प्रभावित हो रहा है। छात्रों ने आरोप लगाया कि इस कारण पंचपरगनिया क्षेत्र के अभ्यर्थियों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है।
छात्रों ने बताया कि हाल ही में आयोजित उत्पाद सिपाही परीक्षा में पंचपरगनिया विषय के 22 प्रश्न सिलेबस से बाहर पूछे गए, जबकि सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) परीक्षा में 63 प्रश्न निर्धारित पाठ्यक्रम से बाहर होने का दावा किया गया है। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों ने आयोग से मांग की कि भविष्य में आयोजित होने वाली सभी परीक्षाओं में केवल निर्धारित सिलेबस के अनुरूप प्रश्न पूछे जाएं तथा पूर्व में हुई त्रुटियों और विवादित प्रश्नों की निष्पक्ष समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। छात्रों ने स्पष्ट किया कि उनका आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं छात्रहित में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आयोग उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए न्यायसंगत निर्णय लेगा। इस अभियान में पंचपरगना छात्र संघ के कृष्णा कुमार दास, गौतम महतो, धीरज वर्मा, दुर्गा, सुकुमार मांझी, प्रकाश सिंह मुंडा, रूप सिंह, राजू महतो, बैद्यनाथ महतो, देव कुमार मुंडा, गोनो, सुभाष मछुआ, कालीपद नायक, शंकर मुंडा, संदीप मुंडा, अनिल मुंडा सहित अन्य अभ्यर्थी उपस्थित थे।
