पांच देसी कट्टा, एक देसी बंदूक, गोली, खोखा और मोबाइल फोन जब्त; एसडीपीओ ने दी जानकारी
SUNIL KUMAR
साहिबगंज: मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री के आरोप में एक कथित हथियार तस्कर समेत तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच देसी कट्टा, एक देसी बंदूक, एक जिंदा गोली, एक खोखा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
सदर एसडीपीओ सुशील कुमार ने प्रेस ब्रीफिंग में बताया कि 28 अक्टूबर की रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर महादेवगंज मुस्लिम टोला निवासी मो. राजा के घर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान चार देसी कट्टा, एक देसी बंदूक, एक जिंदा गोली और एक खोखा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने गोड्डा जिले के ठाकुरगंगटी थाना क्षेत्र के खुरपीत चपरी निवासी मिहिर महतो से हथियार खरीदने की बात कही।
वहीं, दूसरी कार्रवाई में महादेवगंज स्थित डीबीएल पुल मोड़ के पास रात्रि गश्ती के दौरान पुलिस ने प्रकाश कुमार और कृष्णा कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, कृष्णा के पास से एक देसी कट्टा और मोबाइल फोन बरामद हुआ। दोनों के पास से कुल तीन मोबाइल फोन जब्त किए गए।
दोनों मामलों में मुफस्सिल थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छापेमारी दल में पुलिस निरीक्षक अमित कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी अनीश कुमार पांडेय समेत अन्य पुलिस अधिकारी और जवान शामिल थे।
