SUNIL
साहिबगंज: संताल परगना प्रमंडल के पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, वैज्ञानिक अनुसंधान क्षमता और तकनीकी दक्षता को परखने के लिए कल (10 जून) से तीन दिवसीय ‘संताल परगना क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 2026-27’ का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन सुबह 11:00 बजे संताल परगना के पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) द्वारा किया जाएगा। यह जानकारी राजमहल के एसडीपीओ (SDPO) विमलेश कुमार त्रिपाठी ने दी।
यह क्षेत्रीय पुलिस ड्यूटी मीट 10 जून से शुरू होकर 12 जून तक चलेगी। तीन दिनों तक चलने वाले इस बौद्धिक और तकनीकी मुकाबले में संताल परगना प्रमंडल के सभी छह जिलों—दुमका, देवघर, गोड्डा, जामताड़ा, साहिबगंज और पाकुड़—के चयनित पुलिस पदाधिकारी और जवान अपना दमखम दिखाएंगे।
आधुनिक अपराधों से निपटने और पुलिसिंग को हाईटेक बनाने के उद्देश्य से इस मीट में कई महत्वपूर्ण विषयों पर मौखिक एवं लिखिए परीक्षा की जाएगी साथ ही केस डिटेक्शन (मामलों के उद्भेदन) में फॉरेंसिक और वैज्ञानिक तरीकों का इस्तेमाल। पुलिस फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी: अपराध स्थल की सटीक डॉक्युमेंटेशन की कला। कंप्यूटर साक्षरता: साइबर अपराधों से निपटने और डिजिटल डेटा हैंडलिंग की क्षमता।
एंटी सबोटाज चेक: वीआईपी सुरक्षा या बड़े आयोजनों में तोड़फोड़ और आतंकी गतिविधियों को रोकने की तकनीक। पुलिस स्वान दस्ता: खोजी कुत्तों के जरिए अपराधियों, विस्फोटकों और नशीले पदार्थों को ट्रैक करने की विधा। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के भीतर स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना और उन्हें आधुनिक तकनीकी उपकरणों व जांच के वैज्ञानिक तरीकों में निपुण बनाना है।
