उपायुक्त रवि आनंद ने लक्ष्यों को समय पर पूरा करने का दिया निर्देश
अशोक अनन्त
चतरा: समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त रवि आनंद के निर्देशानुसार उप विकास आयुक्त अमरेंद्र कुमार सिन्हा की अध्यक्षता में कृषि एवं संबद्ध विभागों की जिला स्तरीय मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि, उद्यान, भूमि संरक्षण, सहकारिता, पशुपालन, गव्य विकास एवं मत्स्य विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बजट और भावी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा
बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 की भौतिक एवं वित्तीय उपलब्धियों का मूल्यांकन किया गया। उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन मदों में अपेक्षाकृत कम आवंटन प्राप्त हुआ है, उनके लिए समय रहते अतिरिक्त आवंटन की मांग की जाए। साथ ही, आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के संभावित लक्ष्यों और तैयारियों को अभी से प्रारंभ करने पर बल दिया गया।
डीडीसी ने विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि कृषि और उससे जुड़े सभी विभाग आपस में तालमेल बिठाकर काम करें, जिससे किसानों को एकीकृत रूप से विभिन्न योजनाओं का लाभ मिल सके और उनकी आजीविका मजबूत हो।
अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करते हुए लाभुकों तक शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाएं। इसके अलावा, सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई। बैठक में जिला कृषि पदाधिकारी, जिला उद्यान पदाधिकारी समेत सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
