Ranjan Kumar
बड़कागांव : आर एंड आर कॉलोनी समेत बड़कागांव क्षेत्र के कई स्थानों पर चोरी करने, चोरी करवाने एवं चोरी के सामान की खरीद-बिक्री करने के आरोप में बड़कागांव थाना पुलिस ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने कई घंटों तक जांच-पड़ताल की। जांच के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से चोरी के सामान भी बरामद किए। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिन्हें बाद में न्यायिक हिरासत में हजारीबाग जेल भेज दिया गया।
थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि बड़कागांव थाना कांड संख्या 86/26 के तहत बीएनएस की धारा 331(4) एवं 305(a) में मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों में रवि कुमार भुईयां (उम्र 24 वर्ष), पिता टैगो भुईयां, निवासी ठाकुर मोहल्ला, बड़कागांव धीरज कुमार रवि (उम्र 22 वर्ष), पिता धनुषधारी राम, निवासी भगवानबागी, रवींद्र कुमार (उम्र 52 वर्ष), पिता भुनेश्वर महतो, निवासी हरधराबागी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि कांड का उद्भेदन करते हुए अप्राथमिकी अभियुक्तों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।
