अशोक अनन्त
टंडवा(चतरा): प्रखंड के डहु बड़गांव पंचायत को टंडवा से जोड़ने वाली सड़क पर कुहू बाद नदी पर निर्मित पुल की गुणवत्ता पर पहली बारिश ने गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बारिश के बाद पुल के हिस्सों में क्षति और सड़क के कई स्थानों पर दरारें व टूट-फूट सामने आने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का आरोप है कि पुल और सड़क का निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं किया गया। उनका कहना है कि निर्माण कार्य पूरा हुए अभी लगभग एक वर्ष ही हुआ है, लेकिन पुल और सड़क दोनों की स्थिति बदहाल हो चुकी है। बारिश के दौरान पुल के क्षतिग्रस्त होने से लोगों की आवाजाही भी प्रभावित हो सकता है और किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित संवेदक ठेकेदार पर घटिया निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए उसे ब्लैकलिस्ट करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई तथा पुल और सड़क की गुणवत्तापूर्ण मरम्मत कराने की मांग की है।
